दबंगों की पिटाई से घायल युवक का एएसपी से फरियाद करना डिडौली कोतवाल को इतना नागवार गुजरा कि, सारी मर्यादाएं लांघ दी। उसे इंसाफ दिलाने के बजाय उसकी की बेरहमी से पिटाई कर दी। अब फिर उसने एएसपी को अपनी पीड़ा सुनाई है।
डिडौली कोतवाली के जिवाई गांव निवासी नावेद उर्फ लईक के साथ मंगलवार को गाली-गलौज का विरोध करने पर गांव के ही दबंगों ने बुरी तरह से पीट दिया था। आरोपियों ने जाते समय कार्रवाई करने पर देख लेने की धमकी भी दी थी। इसकी शिकायत पर डिडौली कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो वह बुधवार दोपहर एक बजे अपर पुलिस अधीक्षक उदय शंकर सिंह के यहां पहुंचा।
अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी और इंसाफ की गुहार लगाई। अपर पुलिस अधीक्षक ने उसकी पीड़ा सुनने के बाद दोबारा डिडौली कोतवाली भेज दिया। इसके अलावा एएसपी ने खुद फोन कर डिडौली पुलिस को नावेद से मारपीट करने वालों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। इसके बाद कोतवाली पहुंचे नावेद को देख कोतवाल गुस्से में आपा खो बैठे और उसे जमकर पीटा। इसमें वह घायल हो गया। इसके बाद वह रोते हुए दोबारा एएसपी कार्यालय पहुंचा और डिडौली कोतवाल की करतूत बयां की।