अमरोहा। बिजली विभाग के अधिकारियों की मुखबिरी करने के शक में लोगों ने युवक की जमकर पिटाई की। मोहल्ले में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। राहगीरों ने युवक को पिटता देख कर भीड़ के चंगुल से बचाया। मामले में पुलिस कार्रवाई नहीं की गई है।
नगर कोतवाली क्षेत्र में मोहल्ला नौगजा की विद्युत सप्लाई दाऊद सराय बिजलीघर से जुड़ी है। दो दिन पहले एसडीओ और जेई के नेतृत्व में टीम ने मोहल्ले में बिजली चेकिंग की थी। इस दौरान पड़ोसी मोहल्ले में रहने वाला युवक भी अधिकारियों के साथ था। युवक खुद को बिजलीघर में संविदा लाइनमैन बताता है। चेकिंग के दौरान युवक अफसरों से पहले घरों में घुस कर बिजली चोरी पकड़वाता था। इस दौरान करीब 16 घरों में चोरी की बिजली पकड़ी गई थी। लेकिन बुधवार को मोहल्ले में घूम रहे युवक को लोगों ने नौगजा चौराहे पर घेर लिया और बिजली विभाग के अधिकारियों की मुखबिरी करने का आरोप लगाते हुए उसकी जमकर पिटाई की। भीड़ ने उसे सड़क पर दौड़ा दौड़ाकर पीटा। मारपीट के दौरान राहगीरों ने युवक को भीड़ से बचाकर भगा दिया।