अमरोहा। नौ बजे से टीकाकरण शुरू करने वाले सेहत विभाग के दावे बुधवार को फेल साबित हुए। मोहल्ला कोट स्थित मेटरनिटी विंग का स्टाफ दस बजे तक नदारद रहा, जिसे लेकर लाभार्थियों ने हंगामा किया। आरोप लगाया कि अधिकतर लोग नौकरी पेशा वाले हैं। ऐसे में वैक्सीनेशन छोड़े या ड्यूटी। लाभार्थियों ने फोन कर इसकी शिकायत सीएमओ से की है।
कोरोना से बचाव के टीकाकरण के लिए जिले भर के सरकारी अस्पतालों में वैक्सीनेशन कराया जा रहा है। टीकाकरण के लिए कई सरकारी अस्पताल भी चिह्नित हैं, यहां 250 रुपये में टीका लगाया जाता है। सोमवार से शासन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने 18 प्लस वाले लोगों का टीकाकरण शुरू कराया है। टीकाकरण सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक कराया जाएगा, ऐसे शासन के निर्देश हैं, लेकिन टीकाकरण को लेकर डॉक्टर और कर्मचारी गंभीर नहीं है। ऐसा बुधवार को मेटरनिटी विंग सीएचसी अमरोहा में देखने को मिला। बुधवार की सुबह 12 से 15 लोग टीका लगवाने पहुंच गए। नौ बजे अस्पताल पहुंचे लोग स्टाफ का इंतजार करने लगे, लेकिन करीब दस बजे तक भी डॉक्टर और स्टाफ अस्पताल नहीं पहुंचा, जिसे लेकर लोगों का गुस्सा भड़क गया। लोगों ने स्वास्थ्य कर्मियों पर मनमानी का आरोप लगाकर हंगामा किया। कहा कि अधिकतर लोगों ने पंजीकरण कराया था, जिसमें नौ बजे से ग्यारह बजे तक टीकाकरण का समय मिला है, लेकिन दस बजे तक स्टाफ नहीं पहुंचा है। तमाम ऐसे लोग है, जो नौकरी पेशा वाले हैं। सभी को ड्यूटी पर जाना है। स्वास्थ्य कर्मियों की मनमानी के चलते या तो टीका छोड़ना पड़ेगा या फिर ड्यूटी। तभी लोगों ने सीएमओ सौभाग्य प्रकाश को फोन कर मामले की शिकायत दर्ज कराई। बाद में सीएमओ की फटकार के बाद आननफानन स्टाफ अस्पताल पहुंचा और वैक्सीनेशन शुरू कराया।