अमरोहा। कलक्ट्रेट सभागार में डीएम ने जिला पोषण समिति की बैठक में बच्चों को कुपोषित श्रेणी से बाहर निकालने के लिए योजना बनाकर कार्य करने के लिए कहा। डीएम निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि 15 जुलाई से संभव अभियान शुरू हो रहा है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य कम लंबाई वाले बच्चों का चिह्नीकरण कर उनको कुपोषण की श्रेणी से बाहर लाना है। कोई भी बच्चा कुपोषित रहकर पीछे न रह जाए इसलिए ये अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने अभियान के लिए सौ पंचायतों में नोडल अधिकारी भी नामित किए है। सभी आंगनबाडी कार्यकर्ताओं घर-घर जाकर शत-प्रतिशत होम विजिट सुनिश्चित करें। धनौरा, गजरौला और गंगेश्वरी ब्लॉक में मैम बच्चों की संख्या अधिक होने पर नाराजगी जताते हुए संबंधित सीडीपीओ को कारणों को चिह्नित कर सुधार के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने सभी बीडीओ निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों को शीघ्र पूरा कराए जाने के निर्देश भी दिए। बैठक में सीएमओ डॉ. एसपी सिंह, डीपीओ आदि मौजूद रहे।