बोर्ड की बैठक में ब्लॉक क्षेत्र के गांवों में 3.2 करोड़ रुपये से कार्य कराए जाने को हरी झंडी दी गई। ब्लॉक प्रमुख मीनाक्षी चौधरी ने बीडीसी सदस्यों और ग्राम प्रधानों से कार्यों कराने के लिए प्रस्ताव उपलब्ध कराने के लिए कहा है। उन्होंने चार साल का रिपोर्ट कार्ड भी बैठक में रखा।
ब्लॉक सभागार में शुक्रवार को ब्लॉक प्रमुख मीनाक्षी चौधरी की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत की बैठक की गई। ब्लॉक प्रमुख ने चार साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड सदन के सामने रखा। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा बिना किसी भेदभाव क्षेत्र में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने बैठक में सभी बीडीसी सदस्यों और ग्राम प्रधानों से यह प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा कि उनके यहां क्या-क्या काम कराए जाएंगे। बैठक में मुर्सलीन, हैप्पी प्रधान उर्फ जयकीरत सिंह, करन सिंह, रिक्की शर्मा, सतेंद्र सिंह आदि ने अपने-अपने प्रस्ताव बैठक के सामने रखे। ब्लॉक प्रमुख ने बताया कि बैठक में 3.2 करोड़ रुपये के प्रस्ताव रखे गए हैं। इन प्रस्तावों की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसके बाद गांवों में काम कराने के लिए टेंडर निकाले जाएंगे। इस दौरान बीडीओ प्रतिभा अग्रवाल और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।