गजरौला(अमरोहा)। बिजौरा और कुदैना चक की महिलाओं ने गांव में शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर हंगामा किया। महिलाओं ने शराब की पेटियां बाहर फेंक दीं और दुकान में तोड़फोड़ कर दो सेल्समैन के साथ मारपीट की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं को समझाकर शांत किया। दोनों सेल्समैन का मेडिकल कराया गया। दुकान मैनेजर ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।
मंगलवार सुबह गांव की महिलाएं एकत्र होकर शराब के ठेके पर पहुंचीं। उन्होंने शराब की पेटियां बाहर फेंकने के साथ दुकान में तोड़फोड़ की और सेल्समैन अतुल कुमार व रविंद्र के साथ मारपीट की, जिससे दोनों चोटिल हो गए।
महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए कहा कि गांव में शराब का ठेका खुलने के बाद विवाद बढ़ गए हैं। अधिकांश लोग शराब के आदी हो गए हैं और नशे में घरों में महिलाओं से मारपीट करते हैं। गांव में सुख-शांति बनाए रखने के लिए ठेका हटाया जाए।
हंगामे की सूचना पर ब्रजघाट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को समझाकर शांत किया। दुकान के मैनेजर समरपाल सिंह ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। इंस्पेक्टर पंकज तोमर ने बताया कि तहरीर मिल गई है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।