मोहल्ला गांधीनगर में शराब की दुकान खुलने का विरोध कर रही महिलाएं और दुकान स्वामी के परिवार की महिलाएं आमने-सामने आ गईं।
दुकान स्वामी के परिवार की महिलाएं दुकान की सफाई करने के लिए आई थी। पुलिस ने दोनों पक्षों की महिलाओं को समझा बुझाकर शांत किया। हालांकि, प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने दुकान की सफाई नहीं होने दी। मोहल्ला गांधीनगर में देशी व अंग्रेजी शराब की दुकान खोलने का महिलाएं विरोध कर रही हैं। इस मोहल्ले में अभी तक देशी शराब की दुकान थी।
अब अंग्रेजी शराब की दुकान भी खुल रही है। मोहल्ले में रहने वाली महिलाएं शराब की दोनों दुकानों का विरोध कर रही हैं। बीती एक अप्रैल से वह दुकानों के बाहर धरने पर बैठी हैं। पालिकाध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल व बजरंग दल के नेता महिलाओं की मांग का समर्थन कर चुके हैं। शुक्रवार को दुकान स्वामी के परिवार की महिलाएं मौके पर पहुंच गई और सफाई के लिए दुकान खोलने का प्रयास किया। धरना दे रही महिलाओं से उनकी झड़प हो गई।
झड़प की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। उन्होंने दोनों पक्षों की महिलाओं को शांत किया। हालांकि प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने दुकान की सफाई नहीं होने दी। मोहल्ले की महिलाओं ने चेतावनी दी है कि किसी भी दशा में दुकानें नहीं खुलने दी जाएंगी। इस मौके पर निर्भय देवी, बबीता, सुशीला और रीना मौजूद थी।