डीएम ने ब्लॉक के गांव ढयोटी के कंपोजिट स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों की कम संख्या होने और शिक्षण व खेल सामग्री का प्रयोग नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। साथ ही बच्चों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। डीएम ने कंपोजिट स्कूल के शिक्षकों को गुणवत्तापरक शिक्षा देने के लिए कहा।
डीएम निधि वत्स गुप्ता ने शुक्रवार को ढयोटी गांव में आंगनबाड़ी केंद्र, कंपोजिट विद्यालय व आरआसी सेंटर का निरीक्षण किया। आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों की कम संख्या पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
साथ ही शिक्षण व खेल सामग्री का प्रयोग करने के लिए कहा। डीएम ने बाल विकास परियोजना अधिकारी को 15 दिन के भीतर रिपोर्ट करने के निर्देश दिए। कंपोजिट विद्यालय में डीएम ने शिक्षकों से गुणवत्तापरक शिक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने शिक्षकों से बच्चों को लक्ष्य के प्रति जागरूक करने के लिए कहा गया।
डीएम ने पंचायत घर के क्रियाशील नहीं होने पर जिला पंचायत राज अधिकारी को सौंदर्यीकरण कराकर क्रियाशील करने के निर्देश दिए। डीएम ने गांव के समूह की महिलाओं द्वारा संचालित वर्मी कंपोस्ट सेंटर का निरीक्षण किया। डीएम ने जैविक खाद व खेती के बारे में ग्रामीणों को प्रेरित करने के लिए कहा। इस दौरान डीएम ने ग्रामीणों से बात कर उनकी समस्याओं के बारे में भी जाना। इस मौके पर डीपीआरओ पारूल सिसोदिया, ग्राम प्रधान ऊधम सिंह, एडीओ पंचायत रामचंद्र आदि मौजूद थे।