अमरोहा। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करके घर से निकाल दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति व ससुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना अमरोहा देहात क्षेत्र के मोहल्ला पुष्कर नगर निवासी रामचंद्र ने अपनी बेटी प्राची की शादी 18 अप्रैल 2024 को बिजनौर के नगीना थाना क्षेत्र के मोहल्ला काती सराय निवासी सचिन के साथ की थी। विवाहिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही कम दहेज के ताने देकर प्रताड़ित करते थे। पति के अलावा ससुर हरिराम मायके से अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी करने के लिए दबाव बनाते थे। इंकार करने पर मारपीट करते थे। आरोप है कि दो जनवरी को दहेज की मांग करते हुए मारपीट करके प्राची को घर से निकाल दिया। वह तभी से मायके में पिता के घर रह रही है। सीओ अवधभान सिंह भदौरिया ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पति सचिन व ससुर हरिराम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।