मामला गंगा के टापू में बसे दारानगर गांव का है। यहां पर किसान महावीर सिंह के तीन बेटों में ओमपाल (35) सबसे बड़े थे। करीब 13 साल पूर्व उनकी शादी हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र के गांव निवासी कल्लो के साथ हुई। जिससे उन पर तीन बच्चे रविकांत, बेटी साक्षी और बेटा बादल हैं।
ओमपाल खेती के साथ ही मजदूरी करते थे। उनके छोटे भाई जोगेश ने मृतक की पत्नी कल्लो और उसके प्रेमी आदमपुर थाना क्षेत्र के सिकंदराबाद निवासी बबलू के खिलाफ हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। एफआईआर के मुताबिक, उनकी भाभी का बबलू के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था।
जिसका ओमपाल विरोध करते थे। वह अपने प्रेमी के साथ कई बार गई। एक बार तीन-चार महीने उसके साथ रहकर अपने घर आई थी। दो महीने पूर्व भी उसके साथ चली गई थी। कई दिन बाद घर आई थी। चार मार्च को होली के रंग के दिन बबलू गांव में आया तो ओमपाल की उससे कहासुनी हो गई थी। वह जान से मारने की धमकी देकर चला गया था।
बुधवार रात को बबलू व कल्लो ने उनके भाई की फांसी लगाकर हत्या कर दी। आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पंखे से लटका दिया। पुलिस ने जोगेश की तहरीर पर कल्लो व उसके प्रेमी बबलू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। कल्लो से पूछताछ की जा रही है।