होली का पर्व पूरे मुरादाबाद मंडल में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। रामपुर, अमरोहा, संभल और मुरादाबाद में सुबह से ही लोग घरों से निकलकर एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाते नजर आए। गली-मोहल्लों से लेकर मुख्य सड़कों तक रंगों की बौछार और बुरा न मानो होली है की गूंज सुनाई देती रही।
मिठाइयों और ठंडाई की बढ़ी मांग
होली की मिठास के लिए गुजिया, नमकीन और अन्य पकवानों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ी रही। दिल्ली रोड, पीली कोठी, गांधी नगर और ताड़ीखाना क्षेत्र की प्रसिद्ध दुकानों पर लोगों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। ठंडाई और कोल्डड्रिंक पर दिए गए विशेष ऑफरों ने बिक्री को और रफ्तार दी।
गीत-संगीत और मस्ती का माहौल
शहरभर में होली खेले रघुवीरा और होली के दिन दिल खिल जाते हैं जैसे पारंपरिक गीतों की धुन पर लोग झूमते नजर आए। गली-मोहल्लों में बच्चों ने छतों से पानी के गुब्बारे फेंके तो युवाओं की टोलियां सड़कों पर रंग उड़ाती दिखीं। राह चलते लोगों को भी रंगों से सराबोर कर पर्व की खुशियां बांटी गईं।
शोभायात्रा और सुरक्षा व्यवस्था
होली के अवसर पर बुधवार को 84 घंटा मंदिर से एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। जिले में कुल 1529 स्थानों पर विधि-विधान से होलिका दहन किया गया। पर्व के मद्देनजर प्रशासन और पुलिस ने संवेदनशील व मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती। जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा और गश्त बढ़ाई गई, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।