अमरोहा। शहर के देखभाल अस्पताल में गांठ के ऑपरेशन के बाद भर्ती महिला पूजा (38) की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किसी तरह परिजनों को शांत कराया और जांच के बाद अस्पताल की ओटी को सील कर दिया है।
मृतका पूजा रजबपुर थानाक्षेत्र के जगुआ खुर्द गांव निवासी सतवीर की पत्नी थीं। उनके परिवार में दो बेटी और एक बेटा है। परिजनों ने बताया कि पूजा के ओवरी में गांठ थी, जिससे वह लंबे समय से परेशान थी। उसे सात जून को जोया रोड स्थित देखभाल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 9 जून को उसका ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद अस्पताल स्टाफ ने पूजा को वार्ड में शिफ्ट कर दिया था।
परिजनों का आरोप है कि शुक्रवार सुबह करीब छह बजे अचानक पूजा की तबीयत बिगड़ गई, लेकिन इस दौरान अस्पताल में कोई योग्य चिकित्सक मौजूद नहीं था। परिजनों ने बार-बार स्टाफ को सूचना दी, लेकिन उनकी ओर से कोई गंभीरता नहीं दिखाई गई। यहां तक कि स्टाफ नर्स भी समय पर मरीज को देखने नहीं पहुंची। परिजनों के अनुसार, इलाज में देरी और लापरवाही के चलते पूजा की हालत लगातार बिगड़ती गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। मौत की पुष्टि होते ही परिजनों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर रजबपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके साथ ही सीएमओ डॉ. रमाकांत सागर टीम के साथ अस्पताल का निरीक्षण किया। जांच के बाद टीम ने अस्पताल की ऑपरेशन थिएटर (ओटी) को सील कर दिया। सीओ अवधभान भदौरिया ने बताया कि मामले में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही परिजनों की तहरीर के आधार पर भी जांच की जा रही है।
महिला की मौत की शिकायत पर मैं खुद टीम के साथ मौके पर गया था। अस्पताल में मरीजों को देखभाल करने के लिए कोई योग्य चिकित्सक नहीं था। इसलिए अस्पताल की ओटी सील कर दी गई है। अस्पताल संचालक को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने कर प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। डॉ. रमाकांत सागर, सीएमओ