गांव नन्हेड़ा अलयारपुर में चोरों ने बंद पड़ी हाईटेंशन लाइन के 12 खंभों से तार चोरी कर लिया। ऊर्जा निगम के जेई ने मामले की जांच करते हुए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी है। पुलिस ने भी जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है।
नन्हेड़ा अलयारपुर की ग्राम प्रधान के पति शीशराम ने मंगलवार को डायल 112 पुलिस को सूचना दी। बताया कि मुरादाबाद की सीमा से गांव में बंद पड़ी हाईटेंशन लाइन से सैकड़ों मीटर तार को अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिया। साल 2024 में मई में भी करीब छह खंभों से तार चोरी हो गया था। उस समय भी पुलिस और बिजली विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में पुलिस गश्त नहीं होने के कारण दोबारा से बिजली की लाइन चोरी हुई है। ग्रामीणों ने गांव में पुलिस से गश्त कराने की मांग की है। वहीं, सूचना पर पहुंचे जेई एसके शर्मा ने संबंधित मामले में रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी है।
जेई ने बताया कि जो लाइन चोरी हुई है, उसमें बिजली आपूर्ति नहीं होती है। गांव में बिजली आपूर्ति के लिए अलग फीडर से कार्य किया जाता है। वहीं पुलिस ने तार चोरी की घटना मुरादाबाद क्षेत्र में होना बताया है।