गजरौला। थाने में पहली बार शराब तस्करों का गैंग भी पंजीकरण किया गया है। इसमें मोहरकापट्टी के शातिर श्योराज और गांव टीकोवाली के प्रधान नानक समेत पांच लोगों के नाम दर्ज किए गए हैं। साथ ही इनकी हिस्ट्रीशीट भी खंगाली जा रही है। अब शराब के धंधे से जुड़े इन लोगों पर हर समय खाकी की निगाह रहेगी।
शुक्रवार को इंस्पेक्टर आरपी शर्मा ने बताया कि थाना क्षेत्र के खादर में अवैध कच्ची शराब के धंधे पर नकेल कसते हुए उन्होंने हाल ही में मोहरका पट्टी के शराब तस्कर श्योराज को उसके साथियों के साथ अवैध हथियार की फैक्टरी संचालित करते हुए पकड़ा था। इसके अलावा गांव टीकोवाली के प्रधान नानक को भी उसके दो साथियों के साथ खादर में कच्ची शराब की भट्ठी और शराब बनाने के उपकरणों समेत पकड़ा था। दोनों फिलहाल अस्थाई जेल में हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि शराब माफिया पुलिस के लिए परेशानी का सबब बने हुए थे। इसलिए इनका ही गैंग पंजीकरण कर दिया गया है। एक गैंग में मोहरका पट्टी का श्योराज उसके दो पुत्र प्रदूम और आकाश तथा दूसरे गैंग में टीकोवाली का प्रधान नानक और उसका साथी सुभाष शामिल है। उन्होंने बताया कि थाना क्षेत्र में प्रचलित गुंडे-बदमाशों की श्रेणी में अब से शराब तस्करों के गैंग का भी उल्लेख होगा। थाने में भले ही अफसर बदल जाएं लेकिन ये माफिया अब हमेशा पुलिस की निगाहों में रहेंगे। बता दें कि खादर में अवैध शराब की बिक्री की खबरों को अमर उजाला प्रमुखता से प्रकाशित करता रहा है। इन्हीं पर संज्ञान लेते हुए एसपी डा.विपिन ताडा ने शराब माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई कराई थी।