अमरोहा। प्रेम प्रसंग के तीन साल बाद प्रेमी शादी करने से मुकर गया। इस पर प्रेमिका ने कोतवाली पहुंचकर में दुष्कर्म की तहरीर दी तो प्रेमी व उसका परिवार बैकफुट पर आ गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई। पंचायत ने मौके पर ही दोनों के निकाह का फरमान सुना दिया। इसके बाद बिना बैंडबाजा और बरात के ही मौलाना को बुलाकर दोनों का निकाह कर दिया गया। प्रेमिका दुल्हन बनाकर प्रेमी के साथ उसके घर चली गई। यह प्रेम कहानी इन दिनों शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।
यह मामला शहर के ही एक मोहल्ले का है। मोहल्ले में एक मजदूर का परिवार रहता है। मजदूर की 18 वर्षीय बेटी का बीते तीन साल से प्रेम-प्रसंग मोहल्ले में ही रहने वाले एक युवक के साथ चल रहा था। युवक भी मजदूर है। दोनों परिवारों की आर्थिक हालत एक ही जैसी है। करीब तीन साल से दोनों एक-दूसरे के संपर्क में थे। शादी के वादे के बीच प्रेमी जोड़ा दूसरे शहरों में जाकर चोरी-छिपे मुलाकात करने लगे।
इसी बीच बीते दिनों प्रेमी अचानक अपने शादी के वादे से पीछे हट गया। लिहाजा, उसने प्रेमिका को नजरअंदाज करना शुरू कर दिया। प्रेमिका उसके इरादों को भांप गई और गुस्से में सीधे कोतवाली जा पहुंची। पुलिस को प्रेम कहानी सुनाते हुए उसने प्रेमी पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए तहरीर दे दी। इतना ही मोबाइल में कैद नजदीकियों के सारे सुबूत भी दिखा डाले। जिन्हें देखते ही पुलिस हरकत में आ गई।
सादे कपड़ों में ही दोनों ने एक-दूसरे को कबूल किया
पुलिसकर्मियों ने आरोपी प्रेमी की तलाश शुरू कर दी। जानकारी मिलते ही मोहल्ले में हड़कंप मच गया। लिहाजा, सभासद ने दोनों परिवारों को अपने पास बुला लिया वहीं कोतवाली में प्रेमी के खिलाफ कार्रवाई की जिद पर अड़ी युवती को भी परिजन साथ ले आए। इसके बाद जुटी पंचायत में आनन-फानन में काजी को बुलाकर प्रेमी जोड़े का निकाह करा दिया। दूल्हा और दुल्हन सादे कपड़ों में एक-दूसरे को कुबूल कर लिया। सीओ सिटी अभिषेक यादव ने मामले की जानकारी से इंकार किया है।