अमरोहा। दहेज में स्कार्पियो व दस लाख रुपये देने से इन्कार करने पर मंगेतर ने रिश्ता तोड़ लिया। रिश्ते के समय दिए गए सामान को भी वापस करने से मना कर दिया। लड़की के पिता की तहरीर पर मंगेतर समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हो गई है।
डिडौली क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान ने बेटी का रिश्ता थाना रजबपुर क्षेत्र के गांव हैबतपुर कालाखेड़ा में रहने वाले मोहम्मद असलम के बेटे वसीम के साथ तय किया था। किसान ने बेटी के रिश्ते में करीब तीन लाख रुपये खर्च किए थे। दोनों पक्षों में नवंबर 2024 में निकाह तय हुआ। इसके बाद फिर से आपसी रजामंदी से निकाह मई 2025 में होना तय हुआ।
आरोप है कि इसी दौरान मंगेतर व उसके पिता मोहम्मद असलम, भाई मोहम्मद अकरम ने शादी में स्कार्पियो कार व दस लाख की नगदी देने की शर्त रख दी। किसान ने इसमें असमर्थता जताई तो उन्होंने निकाह से इन्कार कर दिया। मामले के निस्तारण को लेकर गांव में पंचायत भी हुई। आरोपियों ने रिश्ते में मिले सामान को वापस करने से इन्कार कर दिया। लड़की के पिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने वसीम, मोहम्मद असलम, मोहम्मद अकरम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक हरीश वर्धन ने बताया कि तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।