अमरोहा। लगातार बदल रहे मौसम के बीच बृहस्पतिवार को हुई झमाझम बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दिलाई। सुबह घने बादलों के बीच शुरू हुई बारिश करीब दो घंटे तक रुक-रुककर होती रही। तापमान गिरने के साथ मौसम खुशनुमा हो गया और ठंडी हवाओं ने भी राहत पहुंचाई।
हालांकि बारिश ने शहर की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। बाजार कोट, बटवाल, दानिशमंदान समेत कई प्रमुख इलाकों में नालियां ओवरफ्लो होने से सड़कों पर पानी भर गया। बारिश थमने के बाद भी जलभराव से राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी हुई। सुबह बारिश के कारण लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित रही।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश हुई। खेतों में पानी पहुंचने से किसानों के चेहरे खिल उठे। जिले में करीब पांच मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के विशेषज्ञ पवन शुक्ला ने बताया कि अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले दो दिन भी मौसम में बदलाव जारी रहने की संभावना है। तेज बारिश के साथ हल्की बूंदाबांदी और बीच-बीच में धूप निकल सकती है।