कैलसा। गांगन नदी का जलस्तर घटने के बावजूद किनारे बसे गांवों के किसानों की मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। खेतों में पानी भरा होने से गन्ने की कटाई और सरसों-गेहूं की बुवाई प्रभावित हो रही है। इससे किसानों को मौजूदा और अगली फसल के उत्पादन पर असर पड़ने की चिंता सता रही है।
झनकपुरी, सिहाली नारायण, भूकापुरी, बेहलोलपुर, नन्हेड़ा अल्यारपुर, कोठीपुरा और हसनपुर कटिया समेत दर्जनों गांवों के खेतों में अब भी जलभराव है। पानी के कारण किसान गन्ने की कटाई नहीं कर पा रहे हैं, वहीं सरसों और गेहूं की बुवाई का समय भी निकलता जा रहा है। जलनिकासी नहीं होने पर किसानों को दोहरी मार झेलनी पड़ सकती है।
किसान धर्मपाल सिंह, सत्तार, छत्रपाल सिंह, चंद्रपाल सिंह, राजू, जितेंद्र सिंह और अंकुर का कहना है कि नदी का जलस्तर घटने से राहत की उम्मीद जगी थी, लेकिन खेतों में पानी भरा होने से परेशानी बनी हुई है। समय से बुवाई नहीं हुई तो उत्पादन प्रभावित होगा। किसानों ने खेतों से पानी निकालने की व्यवस्था कराने की मांग की है।
-
खेतों में जलभराव से फसलों को हुए नुकसान की जांच के लिए लेखपाल को मौके पर भेजा जाएगा। यदि फसलें प्रभावित हुई हैं तो उनका सर्वे कराया जाएगा। सर्वे रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।
-शशि भूषण पाठक, एसडीएम अमरोहा सदर