अमरोहा। शहर के मोहम्मदी सराय, वासूदेव नगर और किशन गढ़ मोहल्ले के 1,500 घरों में पानी का संकट गहरा गया है। एक सप्ताह से लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। हालत यह है कि सुबह में महज एक घंटे पानी की आपूर्ति की जा रही है। वासुदेव मंदिर के पीछे कब्रिस्तान के पास पाइप लाइन फट गई है लेकिन दुरुस्त कराने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। केवल गड्ढा खोद कर छोड़ दिया है। पानी नहीं मिलने से लोगों में गुस्सा भड़क रहा है। मोहल्ले के लोगों ने डीएम बालकृष्ण त्रिपाठी से पानी की आपूर्ति सही कराने की मांग की है।
शहर के वासुदेव मंदिर के पास ओवरहेड टैंक बनाया गया है। कुरैशी मोहल्ले की टंकी से शहर के कई इलाके में जलापूर्ति होती है। एक सप्ताह पहले वासुदेव मंदिर के पीछे पाइप लाइन फट गई। इसके चलते जलापूर्ति बाधित हो गई। लोगों ने नगर पालिका के जलकल अनुभाग में शिकायत दर्ज कराई। इसके साथ ही जलापूर्ति के शेड्यूल में बदलाव कर दिया गया। केवल सुबह में पानी की आपूर्ति होती है। इसके चलते गर्मी में लोगों की मुश्किलें बढ़ गई है। मोहल्ले के सत्यपाल सिंह, ऋषिपाल सिंह, जितेंद्र सिंह, सुनील कुमार, राकेश कुमार, महेंद्र सिंह, महेश, हेमंत, कुंवर सेन, धर्मवीर सैनी आदि ने कहा कि पाइप लाइन को दुरुस्त कराए। जलापूर्ति को सुचारु रुप से चलाए वरना आंदोलन किया जाएगा।
वासुदेव मंदिर के पीछे पानी की पाइप लाइन फट गई है। इसके चलते जलापूर्ति बाधित है। सुबह में पानी की आपूर्ति हो रही है। जलकल अनुभाग से दुरुस्त करने को कहा है। अकील अंसारी, सभासद, कुरैशी
ट्यूबवेल की बड़ी लाइन में फॉल्ट है। सहीं कराने की कोशिश की जा रही है। लेकिन ज्वाइंट बैठ नहीं रहा है। अवर अभियंता को बुलाया गया है। संबंधित मोहल्लों में दूसरे टंकी से जलापूर्ति हो रही है। डॉ. मणिभूषण तिवारी, अधिशासी अधिकारी