शहर की तंग गली में चल रहे रजाई और गद्दे बनाने के कारखाने की मशीन से उठी चिंगारी से सोमवार को इसके गोदाम में आग लग गई। चंद मिनट में ही आग पूरे गोदाम में फैल गई। मोहल्ले के लोगों ने दमकलकर्मियों को सूचना दी। आग बुझाने के लिए पड़ोसियों के सबमर्सिबल चलाए गए, लेकिन आग काबू में नहीं आई। ढाई लाख से अधिक का नुकसान हो गया। घंटे भर बाद पहुंची अग्निशमन ने मुश्किल से आग बुझाई।
शहर के दानिशमंदान नई बस्ती मोहल्ला निवासी हारून का मोहल्ले की तंग गलियों के बीच रजाई, गद्दे बनाने का कारखाना है। इसी के पास गोदाम है। सोमवार दोपहर दो बजे कर्मचारी कारखाने में काम कर रहे थे। इसी दौरान मशीन की चिंगारी से कारखाने में आग लग गई। काम कर रहे कर्मचारियों और मोहल्ले के लोगों ने दमकलकर्मियों को सूचना दी।
उधर आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग बुझाने के लिए पड़ोसियों के सबमर्सिबल चालू कर पानी डाला गया। पर आग काबू में नहीं आई। आग ने गोदाम को चपेट में ले लिया। इसमें रखे रजाई, गद्दे और कंबल जल गए। घंटे भर बाद दमकलकर्मी फायर टैंक लेकर पहुंचे। मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
गोदाम में आग लग जाने से ढाई लाख से अधिक का नुकसान हो गया। फायर स्टेशन इंचार्ज रजा हसनैन के मुुताबिक कारखाना तंग गलियों में चल रहा था। आग बुझाने के उपकरण भी नहीं थे। यह मोहल्ले के लिए खतरे का निशान है। मोहल्ले के लोग दबी जुबान में कारखाने का विरोध कर रहे थे।