अमरोहा। नगरपालिका के वार्ड-36 बेगम सराय खुर्द में सभासद का उपचुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। निर्धारित समय पांच बजे तक 45.31 फीसदी मतदाताओं ने अपने मतदान का इस्तेमाल किया। मतगणना 19 दिसंबर को होगी।
विज्ञापन
बेगम सराय खुर्द के सभासद डॉ. आफताब सैफी की मौत के बाद यह पद खाली हो गया था। इसके बाद यहां उपचुनाव की अधिसूचना जारी की गई थी। सदर तहसील में 28 नवंबर से तीन दिसंबर तक नामांकन प्रक्रिया चली थी। इस दौरान सपा प्रत्याशी आमिर, निर्दलीय प्रत्याशी शहाना, इरशाद, मोबीन, शाजिया ने नामांकन जमा कराया था। मंगलवार सुबह निर्धारित समय पर चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई। हालांकि, सुबह से ही मतदान को लेकर मतदाताओं में उत्साह नहीं दिखाई दिया। शाम होते-होते निर्धारित समय पांच बजे तक 50 फीसदी मतदाता भी बूथ पर नहीं पहुंच सके। कुल 45.31 फीसदी मतदाताओं ने ही अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। चुनाव के दौरान सुरक्षा को लेकर भारी पुलिस बल तैनात रहा। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कल्लू सिंह ने बताया कि मतगणना 19 दिसंबर को होगी।
1115 महिला व 1279 पुरुषों ने किया मतदान
वार्ड में कुल 5284 मतदाताओं में 2509 महिला एवं 2775 पुरुष वोटर्स शामिल थे। जिसमें 1115 महिला व 1279 पुरुषों ने मतदान में हिस्सा लिया।
-