बृहस्पतिवार को तहसील परिसर में उपचुनाव की मतगणना आरओ एसडीएम सुधीर कुमार की देखरेख में आठ बजे से शुरू हो गई है। इस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। धीरे-धीरे मतपेटी से वोटों की गिनती जैसे-जैसे आगे बढ़ती गई, वैसे ही चुनाव की तस्वीर साफ होती चली गई। चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आमिर ने सबको पछाड़ते हुए जीत दर्ज कर ली। उन्होंने 1597 वोट हासिल किए। जबकि, उनके प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय प्रत्याशी मोबीन को 648 वोट मिले।
आमिर ने प्रतिद्वंद्वी को 949 मतों से परास्त कर दिया। निर्दलीय प्रत्याशी इरशाद को 87, शहाना को तीन, शाजिया को एक वोट मिला। 17 दिसंबर को हुए उपचुनाव में 45.31 फीसदी मतदाताओं ने अपने मतदान का इस्तेमाल किया। चुनाव के आरओ एसडीएम सुधीर कुमार ने आमिर को जीत का प्रमाणपत्र सौंपा। जीत के बाद नवनिर्वाचित सभासद का मोहल्लेवासियों ने जोरदार स्वागत किया गया।