आदमपुर थाना इलाके के गांव पैरारा में परचून की दुकान से सामन लेकर घर जा रही महिला व एक व्यक्त्ति के उपर रास्ते किनारे खड़ी एक जर्जर दीवार गिर गई। दीवार के मलबे में दोनों बुरी तरह से दब गए।चीख-पुकार सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। किसी तरह से मलबे में दबे लोगों बाहर निकाला गया। लेकिन महिला की मौके पर मौत हो गई। जबकि किसान की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों में कोहराम मचा है।
गांव पौरारा में मंगलवार शाम को कलुआ की चालीस वर्षीय पत्नी रामश्री दुकान से कुछ सामान लेने गई थी। हल्की बूंदा-बांदी में ही वह दुकान से घर लौट रही थी। वहीं पर गांव निवासी ऋषिपाल भी गुजर रहा था। इस बीच रास्ते किनारे एक जर्जर दीवार खड़ी थी, जैसे ही रामश्री व ऋषिपाल दीवार के नजदीक पहुंचे भरभराक दीवार दोनों के उपर गिर गई। शोर शराबा सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन में ग्रामीणों ने दीवार के मलबे को हटाकर दोनों को बाहर निकाला।
महिला को गंभीर हालत में निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उधर, ऋषिपाल को गंभीर हालत में रेफर किया गया। देर रात ऋषिपाल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। गांव में दो मौत होने से गम का माहौल है। दोनों के परिजनों में कोहराम मचा है। फिलहाल इस मामले में परिजनों द्वारा थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है। थानाध्यक्ष राजेश कुमार चौहान ने बताया कि दीवार के नीचे दबकर महिला की मौत होने जैसी कोई जानकारी नहीं मिली है।