अमरोहा। राजकीय इंटर कॉलेज में शनिवार को जिला स्तरीय नव प्रवर्तन प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शन में आए किसान, मजदूर, कामगार, कारीगर महिलाएं और बाल वैज्ञानिकों ने अपने-अपने मॉडल तैयार किए। जिसमें बीबड़ा खुर्द के विमल चौहान ने पहला स्थान प्राप्त किया। गंगेश्वरी ब्लॉक क्षेत्र के बरतोरा गांव निवासी सुरेंद्र कुमार त्यागी दूसरे और अमरोहा के मोहल्ला मजापोता निवासी मुनाहिद तीसरे स्थान पर रहे। माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश गोला ने विजेताओं को सम्मानित किया।
राजकीय इंटर कॉलेज अमरोहा के सभागार में जिला विज्ञान क्लब अमरोहा की ओर से जिला स्तरीय नव प्रवर्तन प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में आए प्रतिभागियों ने एक से बढ़कर एक मॉडल प्रस्तुत किए। इस दौरान मुख्य अतिथि माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश गोला, विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी अश्वनी कुमार मिश्रा और जिला विद्यालय निरीक्षक विष्णु प्रताप सिंह विजेताओं को सम्मानित किया।
प्रदर्शनी में पहला स्थान पाने वाले विमल चौहान को आठ हजार रुपये, दूसरा स्थान पाने वाले सुरेंद्र कुमार त्यागी को पांच हजार, तीसरा स्थान पाने वाले मुनाहिद को तीन हजार रुपये दिए गए। इसके अलावा पांच प्रतिभागियों को 2000 रुपये का सांत्वना पुरस्कार दिया गया। इसमें शाहपुर के रहने वाले दिवांशु कुमार, बंबूगढ़ के रहने वाले हिमांशु आर्य, मोहल्ला शफातपोता निवासी आन मोहम्मद, देवेश चौधरी और जुझैला निवासी प्रिंस यादव शामिल रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. वीरेंद्र कुमार शुक्ला ने किया। इस दौरान जिला समन्वयक शाने हैदर, सह समन्वयक राकेश कुमार, कोषाध्यक्ष हुसैन मोहम्मद फकीर गजाली, अरशद फारूकी, शोएब आगा, ममता यादव, मुराद अली खान, सतपाल सिंह, संतराम सिंह यादव आदि उपस्थित रहे।
-
वैज्ञानिक युग में प्रवर्तकों की सहभागिता महत्वपूर्ण
प्रदर्शनी में मुख्य अतिथि ओमप्रकाश गोला ने कहा कि आज के इस वैज्ञानिक युग में प्रवर्तकों की सहभागिता महत्वपूर्ण है। नव प्रवर्तन द्वारा देश का विकास होता है। मुख्य विकास अधिकारी अश्विनी कुमार मिश्रा ने कहा कि आज नव प्रवर्तन की आवश्यकता है। किसी भी कठिन कार्य को नवप्रवर्तन द्वारा ही सरल तरह से किया जा सकता है। जिला विद्यालय निरीक्षक विष्णु प्रताप सिंह ने सभी नव प्रवर्तकों के मॉडलों की प्रशंसा की। प्रधानाचार्य डॉ. गजेंद्र पाल सिंह, डॉ. जमशेद कमाल, मोहम्मद आदिल अब्बासी, सतीश कुमार, संतराम यादव, डॉ. सतपाल सिंह ने अपने विचार व्यक्त किए।