अमरोहा। बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए निगरानी की हाईटेक व्यवस्था की गई है। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से निर्धारित परीक्षा केंद्रों को जल्द से जल्द ऑनलाइन कराने के निर्देश दिए गए हैं। खास बात यह है कि परीक्षा केंद्र प्रयोगात्मक परीक्षा के समय से ही ऑनलाइन करने होंगे। डीआईओएस ने सभी परीक्षा केंद्रों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं।
बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर जिले में इस बार 71 केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें 51058 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। बोर्ड परीक्षा में नकल पर नकेल कसने के लिए बोर्ड की ओर से हाईटेक निगरानी की जाएगी। सीसीटीवी कैमरों के जरिये सभी परीक्षा केंद्र ऑनलाइन रहेंगे और पल-पल की स्थिति की जानकारी ली जाएगी। डीआईओएस डॉ. वीपी सिंह ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों को आदेश जारी कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि जिले के 71 केंद्रों पर सीसीटीवी की अनिवार्यता पहले से लागू है, लेकिन इस बार सीसीटीवी, वाॅयस रिकाॅर्डर और डिजिटल वीडियो रिकाॅर्डिंग की व्यवस्था भी की जा रही है। सभी केंद्रों पर इसकी व्यवस्था जल्द से जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रयोगात्मक परीक्षा के समय से ही इन केंद्रों को बोर्ड की नजर में लाने के लिए ऑनलाइन करना होगा। एक बार ऑनलाइन करने के बाद इसे बोर्ड के आदेश के बाद ही ऑफलाइन किया जाएगा। रात के समय नाइट विजन कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं।