गांव देहरा मिलक के बिजलीघर पर बुधवार सुबह ग्रामीण धरने पर बैठ गए। नारेबाजी कर प्रदर्शन करने लगे। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने पांच दिन से खराब ट्रांसफार्मर को सही कराने के लिए कहा तो जेई ने गाली-गलौज की। उन्होंने जेई के खिलाफ कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। उधर, ग्रामीणों के प्रदर्शन के बाद बुधवार को ही बिजली विभाग ने गांव में ट्रांसफार्मर रखवा दिया।
बुधवार सुबह करीब आठ बजे गांव देहरा मिलक के ग्रामीण गांव में ही स्थित बिजलीघर पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं। पिछले पांच दिनों गांव का ट्रांसफार्मर खराब है। बिजली न होने से विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली विभाग के अधिकारियों का व्यवहार उपभोक्ताओं के प्रति गलत है। ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग पर अभद्रता करने का भी आरोप लगाया। इसे सहन नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में बच्चन चौहान, राहुल चौहान, मोनू चौहान, महावीर चौहान, देशराज चौहान, रिंकू चौहान आदि शामिल रहे।
वहीं, दोपहर करीब दो बजे नया ट्रांसफार्मर रख जाने के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया। वहीं, ग्रामीणों ने कहा कि यदि बिजली विभाग के अधिकारियों द्वारा उपभोक्ताओं के प्रति रवैया नहीं सुधरा तो प्रदर्शन की रणनीति बनाई जाएगी। एसडीओ मिथलेश कुमार ने बताया कि गांव में ट्रांसफार्मर रखवा दिया गया है। वहीं, जेई के ग्रामीणों से अभद्रता करने की जानकारी नहीं है। ग्रामीण जेई के खिलाफ शिकायत करते है तो जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।