हसनपुर। क्षेत्र की ग्राम पंचायत हैबतपुर बंजारा में जलभराव और जल निकासी की गंभीर समस्या को लेकर बुधवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। गांव का अस्थायी नाला बंद किए जाने के विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया और नाला खुलवाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि कुछ दिन पहले गांव में जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ग्राम प्रधान द्वारा गांव से बीच वाले तालाब तक एक अस्थायी नाला खुदवाया गया था। इस नाले के माध्यम से गांव का गंदा पानी आसानी से तालाब तक पहुंच रहा था, जिससे स्थानीय लोगों को जलभराव से काफी हद तक राहत मिल गई थी। लेकिन बुधवार की सुबह कुछ खेत स्वामियों ने आपसी विवाद के चलते इस नाले को मिट्टी से पाटकर पूरी तरह बंद कर दिया। नाला बंद होते ही गांव की गलियों और रास्तों पर फिर से जलभराव की समस्या खड़ी हो गई। इसके विरोध में आक्रोशित ग्रामीण एकत्र हुए और मौके पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीण शफीक अहमद ने एसडीएम हिमांशु उपाध्याय को फोन पर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। प्रदर्शन के दौरान शफीक अहमद, जफर अली, यूनुस, सलीम, सफी मोहम्मद, अरबाज, साहिल और शरीक आदि मौजूद रहे। एसडीएम हिमांशु उपाध्याय का कहना है कि जल्द ही समाधान कराया जाएगा।