मंडी धनौरा। होली के त्योहार पर डीजे पर प्रतिबंध लगाना पुलिस के लिए भारी मुसीबत बन गया। थाना क्षेत्र के एक गांव में डीजे बजने की सूचना पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। काफी देर बाद ग्रामीणों ने पुलिस को बाहर निकाला। पुलिस ने एक ग्रामीण को हिरासत में लिया लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया।
पंचायत चुुनाव व होली के त्योहार पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक ने जनपद में डीजे बजाने पर रोक लगा दी थी। होली के दिन सोमवार को क्षेत्र के गांव रमपुरा में ग्रामीण डीजे बजा कर होली का आनंद ले रहे थे। युवाओं की टोली डीजे पर जमकर थिरक रही थी। किसी ने पुलिस अधीक्षक से डीजे बजने की शिकायत की तो एसपी ने तत्काल पुलिस को गांव पहुंचने के निर्देश दिए। बताया जाता है कि प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह फोर्स लेकर गांव पहुंचे। उन्होंने डीजे को अपनी गाड़ी में रखने के निर्देश दिए तो ग्रामीण भड़क गए। इसी दौरान पुलिसकर्मी एक मकान में घुस गए। ग्रामीणों ने मकान का बाहर से ताला लगा दिया। पुलिसकर्मी मकान के भीतर फंस गए। काफी देर बाद ग्रामीणों ने ताला खोल कर उनको बाहर निकाला। पुलिस ने एक ग्रामीण को अपनी हिरासत में ले लिया। बाद में उसे छोड़ दिया गया।