गर्मी से गश खाकर गिरे मजदूर की ट्रैक्टर के पहिए नीचे आकर मौके पर ही मौत हो गई। मौत की जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना नौगांवा सादात क्षेत्र के गांव मुनीमपुरा निवासी रामकिशोर (35) मजदूरी का कार्य करता है। वह गांव नबावपुरा में मकान का लेंटर डालने के लिए आया हुआ था। शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे ट्रैक्टर पर सवार होकर घर वापस लौट रहा था। अचानक उसको चक्कर आया और वह नीचे गिर गया। ट्रैक्टर का पहिया उसके ऊपर उतर गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। साथी मजदूर उसे लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर परिजन भी सरकारी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।