गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माणाधीन सर्विस रोड पर हुए हादसे में बाइक सवार हरीश (55) की मौत हो गई, जबकि उनके दोस्त नरेश घायल हो गए। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, बिना किसी कानूनी कार्रवाई के ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
आदमपुर थानाक्षेत्र गांव चंदनकोटा निवासी हरीश वन (55) और नरेश बाइक से सोमवार शाम सैदनगली थानाक्षेत्र के गांव चक गुलाम अंबिया में स्थित रिश्तेदारी में दावत खाने गए थे। देररात दोनों घर लौट रहे थे। रास्ते में गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माणाधीन सर्विस रोड पर पुलिया निर्माण के लिए खोदी गई मिट्टी का ढेर लगा था, जिससे उनकी बाइक टकरा गई और दोनों बाइक सहित गिरकर घायल हो गए। दोनों दोस्त रातभर घटनास्थल पर ही घायल हालत में पड़ रहे।
मंगलवार सुबह करीब छह राहगीरों ने सड़क किनारे दोनों को बेहोशी की हालत में देखा। इसके बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां हरीश वन को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं नरेश को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है। हरीश वन मजदूरी करते थे। मृतक ने अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ा है। बिना किसी कानूनी कार्रवाई के ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। रातभर हादसे के बाद दोनों घटनास्थल पर पड़े रहे। यदि उन्हें समय से उपचार मिल जाता तो हरीश वन की जान बच सकती थी। सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि अभी इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है।