अमरोहा। शहर के मिनी स्टेडियम में तीन मैचों की सीरीज के फाइनल में विजय इलेवन ने वरुण इलेवन को छह विकेट से हराकर खिताब जीत लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए वरुण इलेवन की टीम 22.1 ओवर में 86 रन पर सिमट गई। जवाब में विजय इलेवन ने 15.1 ओवर में चार विकेट खोकर 89 रन बनाकर जीत दर्ज की।
वरुण इलेवन की शुरुआत खराब रही। पिंटू सैनी चार और राहुल गुप्ता दो रन बनाकर आउट हुए। परवेज पाशा ने 45 गेंदों पर 27 रन, कप्तान वरुण कुमार ने 14 और मुकर्रब पाशा ने 13 रन बनाए। विजय इलेवन की ओर से आकिब कैफ, मोअज्जम अली और राशिद मसूर अब्बासी ने दो-दो विकेट लिए, जबकि अनस खान, शहजाद अमरो और गौतम को एक-एक सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करते हुए विजय इलेवन के उजैर अहमद 12 और शानदार हुसैन दो रन बनाकर आउट हुए। मोहम्मद आरिफ ने 18 रन बनाकर पारी संभाली। इसके बाद कप्तान विजय ने 23 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्कों की मदद से नाबाद 34 रन ठोककर टीम को जीत दिला दी। आकिब कैफ 13 रन बनाकर नाबाद रहे। गेंद और बल्ले से शानदार प्रदर्शन करने वाले आकिब कैफ और कप्तान विजय मैच के सितारे रहे।