गजराैला के अवंतिका पार्क के बाहर युवकों में होती मारपीट, वीडियो ग्रैब
गजरौला। रामलीला मंचन के दौरान युवकों के बीच जमकर मारपीट हुई। लात-घूंसे और बेल्ट चलीं। इससे अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस मारपीट के आरोपियों को तलाश कर रही है।
बृहस्पतिवार सुबह सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो नगर के मोहल्ला बस्ती स्थित अवंतिका पार्क में चल रही रामलीला मंचन के दौरान का बताया जा रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि पार्क के अंदर रामलीला का मंचन चल रहा और पंडाल में जमकर लात घूंसे चल रहे हैं। कुछ युवक एक-दूसरे पर लात घूंसे मारते हुए दीवार पार्क की तक ले गए। यहां पर मूंगफली बेच रहा ठेला वाला भी मारपीट होती देख डर गया।
काफी देर तक हो रही मारपीट की घटना के दौरान कोई पुलिसकर्मी नजर नहीं आया। बाद में किसी तरह मामला शांत हुआ। मारपीट करने वाले युवक कौन थे और किस बात पर विवाद हुआ, यह पता नहीं चल पाया। सूचना मिलने के काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंचे। रामलीला प्रबंध समिति के पदाधिकारियों से जानकारी ली।
प्रबंध समिति के महामंत्री विपिन कौशिक ने बताया कि बच्चों में मारपीट की घटना रामलीला मंचन के बाहर हुई थी। सीओ अंजलि कटारिया का कहना है कि इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। मारपीट की जानकारी है। वीडियो के आधार पर युवकों को तलाश किया जा रहा है।