पीड़िता महिला शायर अमरोहा के एक मोहल्ले की रहने वाली हैं। वह देश-विदेश में आयोजित होने वाले मुशायरों में कलाम पेश करती हैं। आरोप है कि बीती 26 अगस्त को उन्होंने अपनी फेसबुक आईडी खोली तो गौतम बुद्धनगर निवासी फरहान अफसर और उसकी पत्नी आयशा अयूब ने अपनी आईडी से पुराने मुशायरा की निजामत करने वाले शायर के साथ उनकी आपत्तिजनक वीडियो बनाकर अपलोड कर दीं। जिसे देखकर महिला शायरा के होश उड़ गए। आरोप है कि आयशा अयूब और फरहान अफसर की पोस्ट और कमेंट से समाज में उनकी बदनामी हो रही है।
वीडियो वायरल होने से उनको मुशायरा के कार्यक्रम मिलने बंद हो गए। जबकि, पहले तय कार्यक्रम आयोजकों ने रद्द कर दिए। वहीं, दो दिसंबर शाम आठ बजे मोहसिन खान नाम के व्यक्ति ने फेसबुक पर मैसेज कर शायरा को अंजाम भुगतने की धमकी दी है। घटना के बाद में शायरा दहशत में है। अलग-अलग नंबरों से अश्लील बातें की जा रही हैं और धमकी दी जा रही है।
वहीं, आरोपियों ने धमकी कि है कि पुराने मुशायरों की वीडियो एडिट कर वायरल की गई हैं। जल्द ही मोबाइल हैक करके फर्जी अश्लील वीडियो बनाकर वायरल की जाएंगी। शायरा ने ऐसा नहीं करने के लिए कहा तो आरोपियों ढाई लाख रुपये की रंगदारी मांगी। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से की।
सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में गौतम बुद्ध नगर के रहने वाले फरहान अफसर, उसकी पत्नी आयशा अयूब, मोहसिन खान व अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।