गांव बुरावली में करीब डेढ़ माह पहले किसान के घर हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इसमें दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों से चोरी के आभूषण व तीन हजार की नकदी बरामद हुई है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
गांव बुरावली में 23 अक्तूबर की रात को किसान नन्हे के घर में घुसकर चोरों ने 25 हजार की नकदी, चांदी का कमरबंद, चांदी का हाथ फूल चांदी सहित कीमती सामान चोरी कर लिया था। पड़ोसी अनुज कुमार के घर पर भी संदूक का ताला तोड़ा गया था। वहीं, मोहल्ले के जयवीर के घर से नकदी, जेवर और 19 किलो गेहूं का आटा भी चोरी हुआ था।
सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि थाना प्रभारी अलका चौधरी की टीम ने रहरा थाना क्षेत्र के बांसका गांव निवासी सुभान और रिफाकत को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से चोरी की मंगलसूत्र, तीन जोड़ी पाजेब, गले की चेन सहित अन्य सामान व नकदी बरामद हुई। दोनों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
आरोपी सुभान के खिलाफ रहरा थाने में चोरी, आर्म्स समेत 11 मामले पंजीकृत हैं। जबकि, रिफाकत के खिलाफ गौवध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट समेत चार मामले दर्ज हैं। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा गया है।