अमरोहा। सोशल मीडिया पर एक युवक का तमंचे के साथ वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो एक माननीय के घर के बाहर का है। वीडियो सामने आते ही पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। वीडियो ब्लॉक प्रमुख चुनाव वाले दिन का बताया जा रहा है।
जिले में दस जुलाई को ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए मतदान हुआ था। इस दिन ब्लॉक प्रमुख के लिए अमरोहा, गंगेश्वरी और गजरौला तीन सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी। इसके अलावा जोया में सपा, हसनपुर में निर्दलीय और मंडी धनौरा में रालोद-सपा गठबंधन प्रत्याशी जीती थी। जीत के बाद प्रत्याशियों और समर्थकों के बीच जीत के जश्न का दौर चला। गजरौला ब्लॉक प्रमुख के जुलूस में भी हर्ष फायरिंग हुई थी। थोड़ी देर बाद ही इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, लेकिन पांच दिन बाद एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक तमंचे लोड कर फायरिंग करने की कोशिश कर रहा है। हालांकि उसने फायर नहीं किया। वीडियो में युवक बंदूक का जिक्र भी कर रहा है। करीब 1 मिनट पांच सेकेंड का यह वीडियो एक माननीय के घर के बाहर का बताया जा रहा है। इंस्पेक्टर आरपी शर्मा ने बताया कि वीडियो मिल गया है। आरोपी कौन है, कहां का रहने वाला है, वीडियो कहां की है। इसका पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।