अमरोहा। जोया ब्लॉक की ग्राम पंचायतों से नियमों की अनदेखी कर 26.88 लाख रुपये की धनराशि निकालने के मामले में ग्राम पंचायत अधिकारी मोनू सिंह को निलंबित कर दिया गया है। जांच में किसी गांव में काम की पुष्टि नहीं होने की बात सामने आई है।
26 मई को ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद सरकार ने उन्हें प्रशासक बना दिया था। निर्देश थे कि गांव में नए काम कराने से पहले डीएस से अनुमति लेना जरूरी होगा। इसके बावजूद पंचायत सचिव मोनू सिंह ने रजबपुर, शकरपुर समसपुर, सूदनपुर, मंगूपुरा, ईंट का रढ़ा, गफ्फारपुर, अटेरना, शहबाजपुर कला और कूबी ग्राम पंचायतों से 26.88 लाख रुपये निकाल लिए।
राशि बिजली फीटिंग, बेसहारा पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, फागिंग, सैनिटाइजर और साफ-सफाई पर खर्च दिखाया गया। इसकी जानकारी ई-स्वराज पोर्टल के माध्यम से हुई। डीपीआरओ नितिन कुमार ने बताया कि जांच के बाद ग्राम पंचायत अधिकारी को निलंबित कर मुख्यालय से अटैच कर दिया गया है। मामले में प्रशासकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। संवाद