बछरायूं (अमरोहा)। हरिद्वार से झूला कांवड़ लेकर जा रहे एक कांवड़िया की कांवड़ बाइक की टक्कर से खंडित होने पर कांवड़ियों ने हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस व ग्रामीणों ने समझा बुझाकर शांत किया। ग्रामीणों के समझाने पर कांवड़ का जल पास के ही एक शिव मंदिर पर अर्पण कर दिया गया।
जनपद बुलंदशहर के गांव रमपुरा निवासी बालकिशन मंगलवार की दोपहर झूला कांवड़ लेकर गंतव्य की ओर जा रहे थे। उनके साथ उनके अन्य साथी भी थे। उनका बेड़ा ग्राम जोगीपुरा के निकट पहुचा था। उस समय बालकिशन ने अपनी झूला कांवड़ सड़क किनारे रख दी। बालकिशन का आरोप था कि पीछे से आए एक बाइक की टक्कर से उसकी कांवड़ खंडित हो गई। कांवड़ियों ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की जानकारी मिलने पर ग्रामीण व पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने समझा बुझाकर मामले को शांत किया। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि कांवड़ियों को बचाने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित हो गई थी। कांवड़ियों को समझा बुझाकर ग्राम फत्तेपुर के शिव मंदिर पर जलाभिषेक करा दिया गया है।