अमरोहा के नयागांव में आईएएस की परीक्षा में छठीं रैंक पाने वाले यक्ष चौधरी मिठाई खिलाते परिजन। सं
- फोटो : HASANPUR
अमरोहा। किसान के बेटे यक्ष चौधरी ने तीसरी बार के प्रयास में संघ लोक सेवा आयोग 2021 की फाइनल परीक्षा में छठी रैंक प्राप्त की है। जिसके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। किसान के बेटे ने प्रारंभिक परीक्षा अमरोहा से ही प्राप्त की है।
जनपद अमरोहा के नौगांवा सादात क्षेत्र के गांव अलेदाकपुर कला उर्फ नयागांव में किसान नौनिहाल सिंह चौधरी का परिवार रहता है। बड़ा बेटा भी किसान है। छोटे बेटे यक्ष चौधरी ने संघ लोक सेवा आयोग 2021 में 6वीं रैंक प्राप्त की है। सोमवार को संघ लोकसेवा आयोग द्वारा परीक्षाफल घोषित होते ही क्षेत्र के लोगों एवं परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई। घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया।
व्हाट्सएप, फेसबुक से रखी दूरी, छह-सात घंटे की नियमित पढ़ाई
अमरोहा। यूपीएससी-2021 में छठी रैंक हासिल करने वाले यक्ष चौधरी ने आईएएस बनने का लक्ष्य मानकर ही व्हाट्सएप और फेसबुक से दूर रहते हुए नियमित रूप से छह-सात घंटे पढ़ाई की। तीसरी बार के प्रयास में सफलता हासिल करने वाले यक्ष चौधरी दूसरी बार में इंटरव्यू से बाहर हो गए थे।
यक्ष चौधरी ने बताया कि उन्होंने हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा अमरोहा के सर्वोदय सरस्वती इंटर कॉलेज यूपी बोर्ड से वर्ष क्रमश: 2010 व 2012 में उत्तीर्ण की। इसके बाद आईआईटी गुवाहाटी से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक वर्ष 2017 में की। इसके बाद सिविल सेवा की तैयारी में जुट गए। यक्ष ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन दिल्ली में कोचिंग की। इसके बाद घर पर ही सेल्फ स्टडी करते रहे। उन्हें तीसरी बार में यह सफलता हाथ लगी है। दूसरी बार में वह इंटरव्यू से ही बाहर हो गए थे।
यक्ष चौधरी ने आगे बताया कि व्हाट्सएप व फेसबुक से दूरी बनाकर रोजाना छह से सात घंटे पढ़ाई की। हालांकि कभी-कभी सोशल मीडिया के क्योरा प्लेटफोर्म पर वह सक्रिय रहे। इसमें परीक्षा की स्टडी से संबंधित प्रश्न भी आते हैं। इसलिए इससे जुड़े रहे। यक्ष चौधरी ने बताया कि वह आईएएस ही बनना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने तैयारी की।
आईएएस की परीक्षा में छठीं रैंक पाने वाले अमरोहा के यक्ष चौधरी।- फोटो : HASANPUR