डिडौली। करीब डेढ़ साल पहले प्रेम विवाह करने वाली विवाहिता ने पति पर दूसरी महिला से शादी की तैयारी करने का आरोप लगाया है। रविवार को डिडौली कोतवाली पहुंची विवाहिता ने पति और सास पर गाली-गलौज, मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। उसका दो माह का पुत्र भी है।
कोतवाली क्षेत्र निवासी विवाहिता ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसे परेशान करने लगे। आरोप है कि उसका पति आगरा निवासी एक महिला से फोन पर बातचीत करता है और खुद को अविवाहित बताकर उससे शादी की तैयारी कर रहा है। आगरा निवासी महिला ने फोन कर युवक के बारे में जानकारी मांगी तो विवाहिता ने बताया कि वह उसका पति है और एक बच्चे का पिता भी है।
विवाहिता का आरोप है कि इसकी जानकारी होने पर पति और सास नाराज हो गए और उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट कर घर से निकाल दिया। उसने पति की दूसरी शादी की तैयारी से परेशान होकर कार्रवाई की मांग की। सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।