अमरोहा। हसनपुर में गंगा एक्सप्रेसवे किनारे औद्योगिक ग्रीन कॉरिडोर विकसित करने की योजना है। करीब 5200 बीघा जमीन पर विकसित होने वाले इस औद्योगिक क्षेत्र में उद्यमियों को उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) जमीन आवंटित करेगा। हालांकि, शुरुआती चरण में 2200 बीघा जमीन की खरीद की जानी है, जिसमें अब तक करीब 65 प्रतिशत जमीन ही खरीदी जा सकी है। जमीन अधिग्रहण की धीमी प्रक्रिया के चलते परियोजना की रफ्तार प्रभावित हो रही है।
जनपद में मेरठ-प्रयागराज गंगा एक्सप्रेसवे बनकर तैयार हो चुका है। इससे अमरोहा के लोगों के लिए अब प्रयागराज, मेरठ और दिल्ली समेत कई शहरों की दूरी कम हो गई। घंटों का सफर मिनटों में होने लगा। इसके अलावा जनपद में अमरोहा-हरिद्वार गंगा एक्सप्रेसवे बनाने की तैयारी है। इसके लिए जनपद की हसनपुर और धनौरा तहसील के 52 गांवों की जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। इससे लोगों को फायदा मिलेगा। इसके साथ ही हसनपुर क्षेत्र में औद्योगिक गलियारा भी बनाया जा रहा है। इसके विकसित होने से जिले में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ेंगी और स्थानीय युवाओं को घर के पास रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है। हसनपुर तहसील के गांव मंगरौला, रूस्तमपुर खादर तथा दौलतपुर कला में यूपीडा के द्वारा औद्योगिक ग्रीन गलियारा बनाया जाएगा। इसके साथ ही औद्योगिक ग्रीन गलियारा का दायरा बढ़ाते हुए क्षेत्र के गांगटकोला, हाकमपुर, गंगवार, पतेई खादर, बांसका कला और बुरावली में भूमि चिह्नित करने के साथ ही किसानों भूमि अधिग्रहण करने की तैयारी की जा चुकी है। अभी तक 65 प्रतिशत ही जमीन खरीदी जा चुकी है।
बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
इस गलियारे को सेक्टरों में बांटकर सड़क, बिजली, पानी, वेयरहाउस और पर्यावरण के अनुकूल औद्योगिक इकाइयों के लिए विकसित करने की योजना है। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और क्षेत्र में निवेश बढ़ने की उम्मीद है। रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, पलायन में कमी आएगी और उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। स्थानीय लोगों को भी फायदा मिलेगा।
औद्योगिक ग्रीन गलियारा बनाने का काम चल रहा है। इंवर्स्ट यूपी एजेंसी के माध्यम से उद्यमी जमीन के लिए आवेदन कर सकते हैं। अभी तक 65 प्रतिशत जमीन खरीदी जा चुकी है। जमीन का आवंटन यूपीडा करेगी। इससे लोगों को फायदा मिलेगा। राकेश मोगा, अधिशासी अभियंता, यूपीडा