यूपी के गजरौला में मतदान को छोड़ पीठासीन अधिकारी गुटखा लेने चला गया। मतदाताओं की सूचना पर एसडीएम धनौरा मौके पर पहुंचे। उन्होंने गायब रहे पीठासीन अधिकारी से नाराजगी जताते हुए हिदायत दी।
विज्ञापन
तिगरी गांव के जूनियर हाईस्कूल में मतदान केंद्र बना है। मंडी धनौरा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत तिगरी के जूनियर हाईस्कूल में मतदान चल रहा था। अचानक पीठासीन अधिकारी गायब हो गया। काफी देर तक मतदाताओं की पंक्ति आगे नहीं बढ़ी तो पता चला कि पीठासीन अधिकारी अपनी सीट पर नहीं हैं। जिससे हड़कंप मच गया।
सूचना एसडीएम अरुण कुमार को दी गई। तभी पीठासीन अधिकारी भी गुटखा लेकर आ गया। एसडीएम ने उससे नाराजगी जताई और हिदायत दी। ग्रामीणों ने पीठासीन अधिकारी के 20 मिनट तक गायब रहने की बात कही है, लेकिन एसडीएम ने इसकी पुष्टि नहीं की। हालांकि एसडीएम का कहना है कि पीठासीन अधिकारी के गायब रहने की बात बेबुनियाद है।