अमरोहा के नौगांवा सादात थाना क्षेत्र के हिसामपुर गांव का रहने वाला पीएसी कर्मचारी परिवार के युवक के विवाह में शामिल होने आया था। इस दौरान उसके सगे चचेरे भाई ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर घायल कर दिया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
अमरोहा के नौगांवा सादात में शादी समारोह में शामिल होने को घर आए पीएसी कर्मी पर चचेरे भाई ने जानलेवा हमला कर दिया। चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। घटना में पीएसी कर्मी लहूलुहान हो गया। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
विज्ञापन
घटना नौगांवा सादात थाना क्षेत्र के हिसामपुर गांव का है। यहां नौबहार सिंह का परिवार रहता है। उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे हैं। एक बेटा विपिन कुमार पीएसी में तैनात है। वर्तमान में उसकी तैनाती सीतापुर जनपद में हैं। गांव में परिवार के एक युवक की शादी थी। इसलिए विपिन कुमार पंद्रह दिन की छुट्टी लेकर 11 अप्रैल की शाम घर आया था। आरोप है कि तभी उसके चचेरे भाई सेंकी ने चाकू से उस पर हमला कर दिया। पेट और बाजू पर ताबड़तोड़ वार किए। घटना में विपिन लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।
परिजनों ने विपिन को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया गया। मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में विपिन की हालत नाजुक बनी हुई है। इंस्पेक्टर शैलेंद्र सिंह ने बताया कि पीएसी कर्मी के भाई सचिन कुमार की तहरीर पर उसके चचेरे भाई सेंकी के खिलाफ गाली-गलौज और जानलेवा हमला करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। दोनों के बीच पुराना कोई विवाद नहीं था। घटना वाले दिन सेंकी शराब के नशे में था। इस दौरान दोनों के बीच कहासूनी हुई और उसने हमला कर दिया।