सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि दोनों युवक गजरौला जा रहे थे। इस बीच वह रजबपुर बॉर्डर पर स्थित होटल के सामने सर्विस रोड पर खड़े हो गए। तभी गजरौला की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने दोनों को कुचल दिया।
अमरोहा हाईवे पर ओवरब्रिज के नीचे सर्विस रोड पर खड़े दो दोस्तों को तेज रफ्तार कार के चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में बगड़पुर माफी के रहने वाले ओमकार (25) और उसका दोस्त कोमिल (22) की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन
ओमकार सिंह किसान देवेंद्र सिंह और कोमिल बगड़पुर माफी गांव के ही रहने वाले रमेश सिंह के बेटे थे। सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि शुक्रवार की रात ओमकार अपने गांव के ही रहने वाले दोस्त कोमिल के साथ किसी काम गजरौला की तरफ से गांव आ रहे थे।
इस दौरान दोनों गजरौला रजबपुर के बॉर्डर पर स्थित मोगा होटल के सामने ओवरब्रिज के नीचे उतरकर सर्विस रोड पर खड़े हो गए। तभी गजरौला की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार के चालक ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि उनकी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
विज्ञापन
थोड़ी देर में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही रजबपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आरोपी चालक कार छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने दोनों घायलों को गजरौला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से डॉक्टर ने दोनों दोस्तों को मृत घोषित कर दिया।
सीओ ने बताया कि मामले में मृतक ओमकार के भाई गुरेन्द्र सिंह की तहरीर पर कार के अज्ञात चालक के खिलाफ तेज व लापरवाही से वाहन चलाकर मृत्यु करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया है। जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।