अमरोहा में प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी को परिवार वालों ने पकड़ लिया। इसे बाद उसका मुंह काला कर पूरे गांव में घुमाया। बाद में प्रेमी युगल की शादी करवा दी गई। पुलिस ने कहा कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचे प्रेमी को परिजनों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। गांव में हुई पंचायत के फरमान के बाद प्रेमी को चप्पलों की माला पहनाई गई, बाद में उसका मुंह काला करके पूरे गांव में घुमाया गया। इतना ही नहीं पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए प्रेमी युगल का निकाह कर दिया।
विज्ञापन
घटना के आठ दिन बाद प्रेमी का मुंह काला करके गांव में घूमने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। यह मामला नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के गांव का है। यहां पर रहने वाले युवक का पड़ोस में रहने वाली युवती के साथ प्रेम प्रसंग दो साल से चल रहा है।
युवती के परिजन इसके खिलाफ थे। आठ दिन पहले युवक प्रेमिका से मिलने उसके घर चला गया। तभी परिजनों ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। इस दौरान युवती के परिजनों ने युवक की जमकर पिटाई की। इसके बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई।
विज्ञापन
बाद में युवती और युवक के परिजनों के बीच पंचायत बैठ गई। इस पंचायत में गांव के कई लोग शामिल हुए। तभी पंचायत में शामिल लोगों ने एक तुगलकी फरमान सुना दिया। जिसके बाद प्रेमी को चप्पलों की माला पहनाई गई और उसका मुंह काला करके पूरे गांव में घुमाया गया।
लेकिन, जब मामले की जानकारी पुलिस को हुई तो ग्रामीणों के होश उड़ गए। इससे पहले पुलिस कुछ कार्रवाई कर पाती, ग्रामीणों ने प्रेमी युगल का निकाह करा दिया। बाद में किसी भी पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं दी गई।