परीक्षा केंद्रों के निर्धारण पर बोर्ड ने अंतिम मुहर लगा दी है। जारी सूची के अनुसार 71 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर हाईस्कूल और इंटर के 51058 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। पिछले साल की तुलना में इस बार आठ परीक्षा केंद्र कम बनाए गए हैं।
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया पूरी हो गई है। पिछले साल की तुलना में जहां परीक्षा के लिए विद्यार्थियों के पंजीकरण में भी कमी आई है। वहीं, परीक्षा केंद्र भी कम हो गए है। बोर्ड की ओर से शुरुआत में 56 प्रस्तावित केंद्रों की सूची जारी की गई थी। इन पर पांच आपत्ति केंद्रों को निरस्त करने, 33 परीक्षा केंद्र बनाए जाने और 56 शिकायतें केंद्रों की अधिक दूरी व अधिक छात्र आवंटन की गई थी।
आपत्तियों के निस्तारण के बाद जनपदीय समिति के अनुमोदन पर 71 परीक्षा केंद्राें की अनंतिम सूची जारी की गई थी। जिन पर दोबारा आपत्तियां मांगी गई थी। सभी आपत्तियों के निस्तारण के बाद बोर्ड ने 71 परीक्षा केंद्राें की अंतिम सूची भी जारी कर दी है। इस सूची में 56 प्रस्तावित केंद्राें में शामिल रहे छह कॉलेजों को केंद्र नहीं बनाते हुए सूची से बाहर कर दिया गया। जबकि, 21 नए केंद्राें को शामिल किया गया है। अब इसमें किसी तरह का फेरबदल नहीं किया जाएगा। डीआईओएस विष्णु प्रताप सिंह ने बताया कि बोर्ड द्वारा परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी कर दी गई है।
घटी पंजीकरण संख्या तो कम हो गए केंद्र
पिछले वर्ष की तुलना में इस बार हाईस्कूल और इंटर में कम पंजीकरण हुए हैं। शैक्षिक सत्र 2023-24 के लिए जहां 53393 विद्यार्थियों ने अपना पंजीकरण कराया था। वहीं इस बार कुल 51058 विद्यार्थियों के पंजीकरण हुए हैं।
परीक्षार्थियों की संख्या-
हाईस्कूल - 26069
इंटरमीडिएट - 24989
कुल - 51058