फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: पेड़, पंडाल और फिर मंदिर, बेकाबू डंपर ने मासूम समेत तीन को कुचला; अमरोहा हादसे में बड़ा खुलासा

Wed, 27 May 2026 01:52 PM IST
Sharukh Khan अमर उजाला नेटवर्क, अमरोहा

सार

अमरोहा में मंदिर पर रामायण पाठ में मौजूद श्रद्धालुओं को बेकाबू डंपर ने कुचल दिया। मासूम समेत तीन लोगों की मौत हो गई। डंपर के रौंदने से तीन की मौत और कई श्रद्धालुओं के घायल होने से फैली उत्तेजना के कारण अमरोहा देहात थाने के अलावा कई थानों की फोर्स मौके पर भेजी गई। 
विज्ञापन
1 of 11
अमरोहा में हुए हादसे में तीन लोगों ने गंवाई जान - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
अमरोहा के देहात थाना इलाके के कोठी खिदमतपुर के पास मंगलवार शाम करीब छह बजे हनुमान मंदिर में रामायण पाठ के समय परिसर और बाहर पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं को एक डंपर ने रौंद दिया। इस हादसे में पांच वर्षीय बालक समेत तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई। 

चपेट में आए कई लोग घायल हैं, जिनमें से पांच की हालत गंभीर है। हादसे से आक्रोशित श्रद्धालुओं ने शव रखकर अमरोहा-कांठ रोड जाम कर दिया। मौके पर दौड़े आला अफसरों को जाम खुलवाने और भीड़ को शांत करने में दो घंटे मशक्कत करनी पड़ी। 

पुलिस ने बताया कि डंपर में बजरी भरी थी। मंदिर के पास से गुजरते समय अचानक अनियंत्रित हुए डंपर ने पहले पेड़ में टक्कर मारी और फिर मंदिर के आगे पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं को कुचलते हुए मंदिर से टकराकर रुका।

विज्ञापन

2 of 11
अमरोहा में लोगों को डंपर ने कुचला - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
चालक डंपर से कूदकर भाग गया, जिससे डंपर बेकाबू होने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। इस हादसे में छावी गांव निवासी परम सिंह (70), नारायणपुर निवासी महिपाल (42) और रजबपुर थानाक्षेत्र के शहबाजपुर पट्टी निवासी आर्यवीर (5) की मौके पर ही मौत हो गई।
विज्ञापन

3 of 11
अमरोहा में घटना की जांच करती पुलिस - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मासूम आर्यवीर अपनी ननिहाल छावी गांव आया हुआ था और बड़े मंगल पर हो रहे पाठ में शामिल होने मंदिर पहुंचा था। हादसे में घायल हुए लोगों को पुलिस ने अस्पताल भिजवाया। इनमें से पांच की हालत गंभीर बताई गई है।

4 of 11
डंपर ने श्रद्धालुओं को कुचला - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
शवों को देखकर उत्तेजित हुए लोगों ने शाम को करीब 6.30 बजे महिपाल का शव अमरोहा-कांठ रोड पर रखकर जाम लगा दिया। हालात देख कई थानों की पुलिस और जिला मुख्यालय के अफसर वहां पहुंच गए। गुस्साए लोग मृतकों के परिजनों को मुआवजा, भागे डंपर चालक को सजा समेत कई मांगें उठा रहे थे। 

अफसर बमुश्किल लोगों को समझाकर करीब 8.30 बजे जाम खुलवाने में कामयाब हो सके। उसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव कब्जे में लिए। तनाव और उत्तेजना देख क्षेत्र में अब भी पुलिस तैनात है, जबकि कुछ अफसरों की भी ड्यूटी लगाई गई है।
विज्ञापन

5 of 11
जांच करते पुलिस अधिकारी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
उत्तेजना के साथ बढ़ते रहे अफसर
डंपर के रौंदने से तीन की मौत और कई श्रद्धालुओं के घायल होने से फैली उत्तेजना के कारण अमरोहा देहात थाने के अलावा कई थानों की फोर्स मौके पर भेजी गई। नौगावां सादात सीओ अवधभान भदोरिया, सीओ सिटी अभिषेक यादव, एसडीएम सदर सुनीता भी मौके पर पहुंचे। कुछ समय बाद डीएम और एसपी ने भी मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया। अधिकारियों ने कहा कि डंपर चालक की तलाश के लिए टीमें सक्रिय की गई हैं।
विज्ञापन

6 of 11
लोगों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बड़े मंगल पर आयोजन में जुटे थे कई गांव के लोग
हनुमान मंदिर पर रामायण पाठ का आयोजन ज्येष्ठ माह के चौथे बड़े मंगल पर किया जा रहा था। शाम करीब 5.30 बजे शुरू हुए पाठ में कोठी खिदमतपुर, नारायनपुर, छावी, चाऊपुरा समेत नजदीकी गांवों से आए श्रद्धालुओं की संख्या अधिक थी। इसके चलते मंदिर के बाहर पंडाल की व्यवस्था की गई थी। करीब छह बजे पंडाल में बैठे श्रद्धालुओं को डंपर ने रौंदा तो चीख-पुकार और भगदड़ मच गई।
विज्ञापन

7 of 11
मंदिर में चल रहा था आयोजन। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पेड़ से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर मंदिर परिसर में घुसा, जांच जारी
मंदिर में हुए हादसे में अब बड़ा खुलासा सामने आया है। पुलिस जांच में पता चला है कि हादसे में शामिल डंपर हरियाणा नंबर का था, जो पहले सड़क किनारे एक पेड़ से टकराया था। टक्कर के बाद वाहन अनियंत्रित हो गया और सीधे मंदिर परिसर की ओर बढ़ गया, जहां उसने श्रद्धालुओं को कुचलते हुए गंभीर दुर्घटना को अंजाम दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और वाहन मालिक व चालक की तलाश की जा रही है। 

8 of 11
घटना स्थल पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पल भर में मची चीख-पुकार
हनुमान मंदिर में चल रहे रामायण पाठ के दौरान श्रद्धालु पूरी तरह भक्ति में लीन होकर पूजा-अर्चना में जुटे हुए थे। मंदिर परिसर में सन्नाटा और भक्ति का माहौल था, तभी अचानक सड़क की तरफ से तेज रफ्तार डंपर आ गया। अनियंत्रित वाहन ने देखते ही देखते भीड़ को कुचलना शुरू कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग कुछ समझ पाते और अपनी जान बचाने के लिए भागते, इससे पहले ही बड़ा हादसा हो चुका था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किसी को संभलने या सुरक्षित स्थान पर जाने का समय तक नहीं मिला। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और श्रद्धालु जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया।

9 of 11
लोगों ने कार्रवाई की मांग की - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
डीएम ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
हनुमान मंदिर हादसे में जान गंवाने वाले परम सिंह और महिपाल सिंह के परिजनों को अब कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुआवजा प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश जारी किए हैं। डीएम ने संबंधित तहसील अधिकारियों को तत्काल आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई पूरी कर लाभार्थी परिवारों को जल्द से जल्द सहायता राशि दिलाने के आदेश दिए हैं। डीएम कहना है कि प्रभावित परिवारों को किसी प्रकार की आर्थिक परेशानी न हो, इसके लिए प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है।

10 of 11
पुलिस आरोपी डंपर चालक का लगा रही पता - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मृतकों के परिजनों को दिया जाए 25-25 लाख
पूर्व सांसद कुंवर दानिश अली ने एक्स पर पोस्ट कर चक-छाबी गांव में हादसे में तीन लोगों की मौत पर शोक जताया है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मृतकों परिवार वालों को राहत कोष से 25-25 लाख रुपये की आर्थिक मदद की मांग की है।
विज्ञापन

11 of 11
घटना की जानकारी लेते पुलिसकर्मी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
धेवते के साथ रहते थे परम सिंह, रामायण पाठ में गया मासूम भी हादसे का शिकार
हनुमान मंदिर में हुए हादसे में जान गंवाने वाले 70 वर्षीय परम सिंह छावी गांव के रहने वाले थे और वह अकेले रहते थे। परिवार में कोई करीबी सदस्य नहीं होने के कारण पिछले लंबे समय से उनके धेवते ही उनकी देखभाल कर रहे थे। हादसे में मृत 5 वर्षीय आर्यवीर अपनी मां के साथ रामायण पाठ में शामिल होने आया था और भक्ति के माहौल में बैठा था, तभी यह हादसा हो गया। वहीं तीसरे मृतक महिपाल सिंह पेशे से किसान थे। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और मातम का माहौल है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें