बिजली बिल के बकायेदार किसानों के नलकूपों का कनेक्शन काटते समय हाईटेंशन लाइन का करंट लगने से संविदा लाइनमैन की मौत के मामले में पुलिस ने दो एसएसओ के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की एफआईआर दर्ज की है। एसएसओ पर शटडाउन लेने के बाद भी बिजली आपूर्ति शुरू करने का आरोप है।
एसओ सुनील मलिक ने बताया कि बृहस्पतिवार को बिजली विभाग के जेई श्रवण कुमार, टीजीटू अमर सिंह, लाइनमैन विपिन कुमार और भीकनपुर मूढा निवासी संविदा लाइनमैन अंकू सिंह ग्रामीण इलाके में बिजली बिल के बकायेदार किसानों के नलकूपों का कनेक्शन काटने नरथो गांव गए थे। टीम ने बिजलीघर पर तैनात एसएसओ ऋषिपाल और अजय कुमार से 9:08 बजे शटडाउन लिया गया था, लेकिन दोनों ने लापरवाही बरतते हुए बिजली की आपूर्ति चालू कर दी। जैसे ही अंकू सिंह नलकूप का कनेक्शन काटने के लिए खंभे पर चढ़ा, तभी उसके हाईटेंशन लाइन का करंट लगा और उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में परिजनों ने दोनों एसएसओ पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया था। इस मामले में मृतक लाइनमैन के भाई हुकम सिंह की तहरीर पर एसएसओ ऋषिपाल और अजय के खिलाफ गैरइरादतन हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।