अमरोहा। तेजी से फैल रहे वायरल फीवर के बीच जनपद में अलग-अलग गांवों में बुखार से दो लोगों की जान चली गई। मंगलवार को डिडौली के गांव फत्तेहपुर टिकिया निवासी एक वर्षीय बालक और मुजाहिदपुर निवासी युवक की निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। डिडौली कोतवाली क्षेत्र के फत्तेहपुर टिकिया गांव निवासी जावेद अली के इकलौते बेटे यूसुफ को सोमवार को अचानक ते बुखार आया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए जोया स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। मंगलवार को उपचार के दौरान यूसुफ की मौत हो गई।
इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां गुलनाज और पिता जावेद अली का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। दूसरी ओर मुजाहिदपुर गांव निवासी असलम हुसैन का बेटा इमरान (45) चार दिन से बुखार से पीड़ित था। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार को उल्टी और घबराहट होने पर इमरान को पाकबड़ा स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने मुरादाबाद के निजी अस्पताल में रेफर कर दिया। जहां पर मंगलवार की देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में शोक का माहौल है। जिले में बुखार से लगातार मौतों के मामले सामने आने से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।