मोहल्ला झंडा शहीद में तरावीह की नमाज के दौरान मोबाइल चलाने से मना करने पर दो पक्षों में कहासुनी होने लगी। दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई। दोनों ओर से पथराव भी किया गया। घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पथराव करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात संभाले और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने पांच नामजद समेत 30 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। साथ ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कोर्ट में पेश किया। जहां से पांचों को जेल भेज दिया गया।
मंगलवार रात करीब नौ बजे मोहल्ला चाहगौरी निवासी फरीद हसन का बेटा अनस हसन पड़ोसी काशिफ रऊफ, शमून, फैज सिद्दीकी के साथ मस्जिद झंडा शहीद में तरावीह की नमाज पढ़ने गया था। नमाज पढ़ते समय कुछ लोग नमाजियों के पीछे मोबाइल चला रहे थे। नमाजियों ने मोबाइल चलाने से मना किया तो उक्त लोग गाली-गलौज करने लगे। इस बीच कहासुनी भी हुई। नमाज खत्म होने के बाद अनस हसन, काशिफ रऊफ, फैज सिद्दीकी और शमून मस्जिद से बाहर निकले तो खुर्शीद, सालिम, आमिर, अरबाज, अबान ने करीब 25 लोगों के साथ मिलकर पथराव शुरू कर दिया।
इस बीच अनस और रऊफ के मोहल्ले के लोग भी आ गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। पथराव में अनस हसन व काशिफ रऊफ गंभीर रूप से घायल हो गए। इस बीच किसी ने पथराव का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। दोनों पक्ष अलग-अलग बिरादरी से होने के चलते माहौल और ज्यादा गरमा गया। मारपीट की जानकारी मिलने पर इंस्पेक्टर पंकज तोमर पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए और बवाल कर रहे लोगों को समझाने की कोशिश की। इसके बावजूद दोनों पक्ष के लोग एक-दूसरे पर पथराव करते रहे।
लोगों ने खुद को घरों में किया बंद
घटना से मोहल्ले में भगदड़ मच गई। दहशत में लोग घरों में बंद हो गए। बिगड़ते माहौल को संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बुलानी पड़ा। पुलिसकर्मियों ने बवालियों को खदेड़ दिया। पुलिस ने खुर्शीद, सालिम, अबान, काशिफ, अनस को मौके से गिरफ्तार कर लिया। सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में घायल अनस हसन के पिता फरीद हसन की तहरीर पर खुर्शीद, सालिम, आमिर, अरबाज, अबान और उनके 25 से ज्यादा साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं, गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया है।
इन धाराओं में दर्ज हुई रिपोर्ट
सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में फरीद हसन की तहरीर पर बीएनएस की धारा 191(2), 109, 352, 115( 2), 351 (2) के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।
-
पुलिस की तरफ से सात नामजद समेत 37 पर एफआईआर
सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में माहौल बिगड़ने की कोशिश करने वाले दोनों पक्ष के अरबाज, शाहना, अबान, आमिर, जाहिद, अनस, आसिफ और 30 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
सीओ ने बताया कि इस घटना में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर दरोगा मुस्ताक खां की तरफ से बीएनएस की धारा 191(2), 190, 109, 352, 351(2) और अपराधी कानून संशोधन अधिनियम की धारा 7 के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।
-
किसी को भी माहौल खराब करने की इजाजत नहीं है। अगर कोई माहौल खराब करेगा तो पुलिस कार्रवाई करेगी। अमरोहा शहर में पथराव करने वाले आरोपियों की वीडियो फुटेज के आधार पर पहचान की जा रही है। किसी को बख्शा नहीं जाएगा।-अमित कुमार आनंद, एसपी अमरोहा
साइकिल उठाकर सिर पर पटकी, टूटी टाइल्स भी फेंकीं
वायरल वीडियो में आक्रोशित भीड़ एक दूसरे पर हमला करते साफ दिखाई दे रहे हैं। पथराव ही नहीं हमलावर साइकिल उठाकर सिर पर पटकता दिख रहा है। जबकि टूटी टाइल्स भी फेंकी गईं।