देहात थानाक्षेत्र के कैलसा रोड पर शनिवार की रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली ने पैदल जा रहे मजदूर को कुचल दिया। मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। मजदूर चचेरे भाई की बेटी के भात कार्यक्रम से लौट रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के भेज दिया। वहीं मजदूर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। उधर, गजरौला में नेशनल हाईवे पर जीरो प्वाइंट के पास शनिवार रात आठ बजे हुए हादसे में घायल किसान ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
थाना क्षेत्र के गांव मीरा सराय निवासी मुकेश कुमार मजदूरी करता था। शनिवार की रात मुकेश चचेरे भाई की बेटी के भात कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कैलसा रोड गया था। रात करीब ग्यारह बजे वह पैदल ही अपने घर जा रहा था कि तभी मुकेश को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली ने टक्कर मार दी।
हादसे में मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि चालक ट्रैक्टर ट्राली छोड़कर मौके से भाग निकला। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल मुकेश को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी होने पर मृतक के परिजन भी आ गए। मुकेश मौत से उसके परिवार में मातम छा गया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के भेज दिया है।
उधर, गजरौला थाना क्षेत्र के कासमाबाद निवासी तीस वर्षीय किशनपाल पुत्र यादराम शनिवार रात आठ बजे मोहम्मदाबाद से अपने गांव लौट रहा था। नेशनल हाईवे के पर जीरो प्वाइंट के पास ब्रजघाट की दिशा से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में किशनपाल के सिर एवं शरीर में भारी चोट आई। घायल को उपचार के लिए मुरादाबाद ले जाया गया। यहां देर रात उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बताया जाता है कि उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी।
यदि हेलमेट पहने होता तो शायद उसकी जान बच जाती। किसान की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। उधर, गांव सिहाली गोंसाई निवासी पप्पू खान मेवाती रविवार को गजरौला से बाइक पर सवार होकर अपने गांव जा रहा था। गांव से पहले ही रास्ते पर पड़ा बजरपुट पर बाइक फिसलकर गिर गई। हादसे में पप्पू बुरी तरह से घायल हो गया।